भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में बुधवार को तीन पादरियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना ऐसे समय हुई है जब राज्य पहले से ही लंबे समय से जातीय संघर्ष की चपेट में है।
मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस हमले में तीन निर्दोष नागरिकों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि हमले में चार अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
कुकी संगठनों ने इस हमले के लिए एक ऐसे सशस्त्र गुट को जिम्मेदार ठहराया है, जिसे नागा समुदाय के हितों का प्रतिनिधि बताया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मणिपुर में करीब तीन साल से मुख्य रूप से हिंदू मैतेई बहुसंख्यक समुदाय और मुख्य रूप से ईसाई कुकी अल्पसंख्यक समुदाय के बीच समय-समय पर हिंसक झड़पें होती रही हैं। इस संघर्ष में अब तक 250 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
कुकी और नागा, दोनों समुदाय मुख्य रूप से ईसाई हैं, लेकिन हाल के महीनों में उनके बीच तनाव बढ़ा है। इससे राज्य में जारी संघर्ष के और फैलने की आशंका जताई जा रही है।




















