गुजरात के अहमदाबाद के शिलाज इलाके में स्थित आनंद निकेतन स्कूल में 14 अगस्त को बजरंग दल के सदस्यों द्वारा जबरन घुसकर हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक विडिओ में देखा जा सकता है की हिरेन रबारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता स्कूल के गेट फांदकर अंदर घुसे, ताला तोड़ा और डंडे लेकर परिसर में हंगामा किया।
बजरंग दल के सदस्यों ने कक्षा 5 के छात्रों को मलाला यूसुफजई की किताब आई एम मलाला और ऐन फ्रैंक की द डायरी ऑफ अ यंग गर्ल पढ़ने के लिए कहे जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने इन किताबों को “राष्ट्र-विरोधी” और “हिंदू-विरोधी” बताया। समूह ने स्कूल पर सुबह की प्रार्थना और राष्ट्रगान बंद करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्कूल को “मदरसा” बनाने की “राष्ट्र-विरोधी साजिश” चल रही है। घटना के बाद अहमदाबाद शिक्षा विभाग ने स्कूल पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया और नोटिस जारी किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आई एम मलाला पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं थी और यह केवल वैकल्पिक लाइब्रेरी कार्यक्रम के तहत उपलब्ध थी।
