प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशवासियों से खर्च घटाने और ईंधन की बचत के उपाय अपनाने की अपील की। हैदराबाद में बीजेपी की एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ईरान-अमेरिका युद्ध और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण भारत पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में देश को विदेशी मुद्रा भंडार बचाने और ईंधन की खपत कम करने की जरूरत है।
मोदी ने कोविड-19 महामारी के दौरान अपनाई गई आदतों को फिर से शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “कोरोना के समय हमने वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल मीटिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और कई अन्य तरीके अपनाए थे। हम इनके आदी हो गए थे। अब समय की जरूरत है कि हम फिर से उन तरीकों को अपनाएं।”
