केरल पुलिस ने अभिनेता टिनी टॉम के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई एर्नाकुलम की ट्रायल कोर्ट के निर्देश के बाद हुई, जहां अभिनेत्री अंसिबा हसन ने निजी शिकायत दायर कर आरोप लगाया था कि टिनी टॉम ने उनके खिलाफ इस्लामोफोबिक और “जिहादी” टिप्पणी की।
यह विवाद मलयालम फिल्म कलाकारों के संगठन A.M.M.A. के भीतर चल रही खींचतान के बीच सामने आया है। अंसिबा हसन संगठन की पूर्व संयुक्त सचिव थीं। उन्होंने कार्यकारी समिति के सदस्यों पर उत्पीड़न और सांप्रदायिक आधार पर निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। अंसिबा का आरोप है कि विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने A.M.M.A. के एक कार्यक्रम को एक मंदिर समिति द्वारा प्रायोजित किए जाने पर आपत्ति जताई।
उनका कहना था कि कलाकारों के संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों का शीर्ष प्रायोजक कोई धार्मिक संस्था नहीं होनी चाहिए। अंसिबा के अनुसार, इस आपत्ति के बाद उन्हें अलग-थलग किया गया और कार्यकारी समिति के कई सदस्यों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया। अपनी शिकायत में अंसिबा ने आरोप लगाया कि टिनी टॉम ने उन्हें “जिहादी” कहा और उन पर संगठन के अन्य सदस्यों का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करने का आरोप लगाया।






















