होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे पनामा-ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज पर प्रोजेक्टाइल लगने से 11 भारतीय नागरिक घायल हो गए। भारत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, एमटी ऑन पीस नामक जहाज पर कुल 19 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 17 भारतीय नागरिक थे।
मंत्रालय ने कहा कि घटना मंगलवार सुबह हुई। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, इस घटना में कुल 12 क्रू सदस्य घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
ओमानी अधिकारियों की मदद से घायल क्रू सदस्यों को जहाज से निकाल लिया गया है और उनका इलाज ओमान के खासाब में किया जा रहा है।
नई दिल्ली ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए “गहरी चिंता” का विषय बने हुए हैं।
भारत ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपील दोहराई।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से नौवहन और व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।
युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने को कई शर्तों से जोड़ा है, जिनमें शत्रुता समाप्त करना, प्रतिबंधों में राहत, जमे हुए अससेट्स की रिहाई और वॉशिंगटन की प्रतिबद्धताओं को लागू करना शामिल है।



















