होर्मुज में दो अमीराती तेल टैंकरों पर ईरानी क्रूज मिसाइल हमले में एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
रिपोर्ट के अनुसार, जिन टैंकरों को निशाना बनाया गया, उनकी पहचान मोमबासा और अल बहियइए के रूप में हुई है। दोनों जहाज ओमानी क्षेत्रीय जलक्षेत्र में जलडमरूमध्य की दक्षिणी लेन से गुजर रहे थे।
यूएई रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मृतक भारतीय क्रू सदस्य मोमबासा पर सवार था। हमले में घायल हुए अन्य क्रू सदस्यों को चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
मिसाइल हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई और जहाजों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, क्रू सदस्यों ने बाद में आग पर काबू पा लिया।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव लगातार बढ़ रहा है। यह जलमार्ग दुनिया के सबसे अहम ऊर्जा व्यापार मार्गों में शामिल है और यहां किसी भी सैन्य टकराव का असर वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों पर पड़ सकता है।
ताजा घटना को क्षेत्र में अमेरिका, ईरान और खाड़ी देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव की नई कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट में घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग विवरण सामने आए हैं। प्रारंभिक जानकारी में छह भारतीयों के घायल होने की बात कही गई, जबकि यूएई रक्षा मंत्रालय के हवाले से आई रिपोर्ट में आठ लोगों के घायल होने का उल्लेख है।
मेडिया खबरों के अनुसार भारत ने मंगलवार को इस मामले में ईरान के उप-राजदूत को तलब किया।





















