भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के पूर्वी तट पर स्थित प्रमुख ऊर्जा केंद्र फुजैरा ऑयल इंडस्ट्री ज़ोन पर हुए हमले को “अस्वीकार्य” बताया है। इस हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।
8 अप्रैल को ईरान और अमेरिका के बीच लागू हुए युद्धविराम के बाद यह पहली ऐसी घटना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान से छोड़े गए एक ड्रोन के हमले के बाद फुजैरा ऑयल इंडस्ट्री ज़ोन में आग लग गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि इस हमले में भारतीयों के घायल होने की घटना “अस्वीकार्य” है।
उन्होंने कहा, “हम तत्काल इन शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों को रोकने और नागरिक ढांचे व निर्दोष लोगों को निशाना बनाने की घटनाओं पर विराम लगाने की अपील करते हैं।”
जायसवाल ने कहा कि भारत स्थिति से निपटने के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है, ताकि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल की जा सके।
भारत ने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप निर्बाध नौवहन और व्यापार सुनिश्चित करने की भी अपील की।
उन्होंने कहा, “भारत सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।”


















