ईरान के एक सांसद ने दावा किया है कि चीन, भारत, जापान सहित कई देश अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद ईरान के तेल की खरीद जारी रखने के लिए हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने पर ट्रांजिट शुल्क का भुगतान कर रहे हैं।
ईरानी संसद की आर्थिक आयोग के उपाध्यक्ष जाफर कादिरी ने गुरुवार को कहा कि यह रुझान दिखाता है कि बढ़ते दबाव के बावजूद ईरानी ऊर्जा की अंतरराष्ट्रीय मांग बनी हुई है। यह जानकारी संसद से संबद्ध समाचार एजेंसी आईसीएएनए ने दी।
कादिरी ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने चेतावनी दी है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए ईरान को भुगतान करने वाले किसी भी देश को कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा, “इसके बावजूद हम देख रहे हैं कि विभिन्न देश ये शुल्क अदा कर रहे हैं और व्हाइट हाउस के प्रतिबंधों की परवाह किए बिना ईरान का तेल और पेट्रोलियम उत्पाद खरीद रहे हैं।”
कादिरी के अनुसार, प्रतिबंधों और नौसैनिक नाकेबंदी के बावजूद ईरान का तेल निर्यात वैश्विक बाजारों तक पहुंच रहा है।



















