अमेरिका में दो धार्मिक नेताओं ने कहा है कि शनिवार को न्यूयॉर्क में आयोजित उस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी के बारे में उन्हें पहले से जानकारी नहीं दी गई थी।
न्यूयॉर्क के रिवरसाइड चर्च की वरिष्ठ मंत्री रेव. एड्रिएन थॉर्न ने बुधवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि उन्हें जिस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, उसे धर्मों के बीच शांति और सहयोग पर केंद्रित इंटरफेथ सभा के रूप में पेश किया गया था। उनके अनुसार, आयोजकों ने यह नहीं बताया था कि कार्यक्रम में मोहन भागवत या आरएसएस शामिल होंगे।थॉर्न ने कहा, “आरएसएस की भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकोंमुसलमानों, ईसाइयों, सिखों, दलितों और अन्य समुदायों के खिलाफ हिंसा और भेदभाव में भूमिका व्यापक रूप से दर्ज की गई है। ये नुकसान वास्तविक हैं और गहराई से मायने रखते हैं।” उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पता होता कि कार्यक्रम भागवत के इर्द-गिर्द केंद्रित है, तो वे इसमें शामिल नहीं होतीं। न्यूयॉर्क स्थित इमाम और इंटरफेथ नेता इमाम शम्सी अली ने भी मोहन भागवत की आलोचना की। उन्होंने कहा कि शांति पर भागवत की टिप्पणियां “लिप सर्विस” जैसी थीं और भारत में मुसलमानों तथा अन्य अल्पसंख्यकों की वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खातीं।


















