पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने सोमवार को कहा कि यह महत्वपूर्ण रणनीतिक उथल-पुथल का दौर है और समुद्री वातावरण लगातार अधिक चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
वे मुंबई में भारतीय नौसेना में दीप सी डाइविंग जहाज INS Nipun के कमीशनिंग समारोह के बाद बोल रहे थे।
एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि थ्रेट पर्सेप्शन लगातार बदल रहा है और नए प्रकार की चुनौतियों तथा जटिलताओं के रूप में सामने आ रहा है।
उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक और क्षेत्रीय हालात में समुद्री सुरक्षा का महत्व और बढ़ गया है। पश्चिम एशिया में तनाव, समुद्री मार्गों की सुरक्षा और रणनीतिक प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दे नौसेना के लिए नई प्राथमिकताएं बना रहे हैं।
INS Nipun के कमीशनिंग को भारतीय नौसेना की गहरे समुद्र में अभियान चलाने की क्षमता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के पोत नौसेना को दीप सी डाइविंग और समुद्री बचाव अभियानों में बेहतर क्षमता प्रदान करते हैं।
नौसेना प्रमुख की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब हिंद महासागर क्षेत्र और उससे जुड़े समुद्री मार्गों में सुरक्षा चुनौतियां बढ़ रही हैं। भारत के लिए ये समुद्री रास्ते ऊर्जा आपूर्ति, व्यापार और रणनीतिक हितों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं।























