पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने रविवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने अमेरिका और ईरान के बीच ताजा तनाव और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत के दौरान डार ने सभी पक्षों से तनाव कम करने और संयम बरतने की अपील की। उन्होंने जून में हुए इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए डी-एस्केलेशन जरूरी है।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच हमलों और जवाबी हमलों का नया दौर शुरू हुआ है। रिपोर्टों के अनुसार, ईरानी बलों द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक जहाज पर गोलीबारी और जलमार्ग को बंद करने की घोषणा के बाद तनाव और बढ़ गया।
फोन कॉल में दोनों विदेश मंत्रियों ने क्षेत्र में बदलती स्थिति पर विचार साझा किए। इशाक डार ने कहा कि विवादों के समाधान और दीर्घकालिक शांति के लिए बातचीत और कूटनीति ही एकमात्र व्यावहारिक रास्ता है।
डार ने यह भी दोहराया कि पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में “रचनात्मक” भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों मंत्रियों ने करीबी संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई।
















