भारत ने गुरुवार को मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-4 का सफल प्रक्षेपण किया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह परीक्षण ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज से किया गया।
मंत्रालय ने बताया कि प्रक्षेपण स्ट्रैटेजिक फोर्सेज कमांड के तहत किया गया और इस दौरान सभी परिचालन तथा तकनीकी मानकों को सफलतापूर्वक सत्यापित किया गया।
अग्नि-4 परमाणु क्षमता से लैस सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है। इसकी मारक क्षमता करीब 4,000 किलोमीटर यानी लगभग 2,500 मील बताई जाती है।
अग्नि मिसाइलें लंबी दूरी की, परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम, सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइलें हैं। इस सीरीज़ की पहली मिसाइल, अग्नि-I को 'इंटीग्रेटेड गाइडेड मिसाइल डेवलपमेंट प्रोग्राम' के तहत विकसित किया गया था और 1989 में इसका परीक्षण किया गया था।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस परीक्षण ने मिसाइल प्रणाली की विश्वसनीयता और परिचालन तैयारी को फिर साबित किया है। अग्नि-4 भारत की सामरिक मिसाइल क्षमता का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।





















