अफगानिस्तान में भूकंप और बाढ़ से उत्पन्न मानवीय संकट के बीच भारत ने राहत सहायता भेजकर समर्थन जताया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत ने प्रभावित क्षेत्रों के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री पहुंचाई है।
MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि भेजी गई सहायता में किचन सेट, हाइजीन किट, प्लास्टिक शीट, तिरपाल, स्लीपिंग बैग समेत अन्य आवश्यक सामग्री शामिल हैं। उन्होंने कहा, “भारत अफगानिस्तान के लोगों के साथ इस कठिन समय में एकजुटता से खड़ा है और हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत अफगानिस्तान के लोगों के साथ इस मुश्किल समय में एकजुटता के साथ खड़ा है और मानवीय सहायता जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार रात 8:42 बजे 5.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र 186 किलोमीटर की गहराई पर था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप का केंद्र पूर्वोत्तर प्रांत बदख्शान में था।
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि अफगानिस्तान के 25 प्रांतों में प्राकृतिक आपदाओं से मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है, जबकि पिछले दो दिनों में 52 लोग घायल हुए हैं।














