संयुक्त राष्ट्र के स्वतंत्र विशेषज्ञों ने भारत में पिछले कई वर्षों से हिरासत में रखे गए स्कॉटलैंड के सिख ब्लॉगर और मानवाधिकार कार्यकर्ता जगतार सिंह जोहल की गिरफ्तारी को “मानसिक यातना” करार देते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है।
जगतार सिंह जोहल को नवंबर 2017 में भारत में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह अपनी शादी के लिए यहां आए हुए थे। उन पर दक्षिणपंथी हिंदू नेताओं के खिलाफ कथित आतंकी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया गया था।
संयुक्त राष्ट्र के 10 स्वतंत्र विशेषज्ञों, जिनमें यातना और आतंकवाद-रोधी कार्रवाइयों के दौरान मानवाधिकार संरक्षण से जुड़े विशेष प्रतिवेदक भी शामिल हैं, ने कहा कि जोहल अब तक आठ साल से अधिक समय, यानी 3,089 दिन जेल में बिता चुके हैं और उनके मामले के खत्म होने की कोई स्पष्ट संभावना नहीं दिख रही है।
विशेषज्ञों ने कहा, “इतनी लंबी अनिश्चितता अपने आप में मानसिक यातना का एक रूप है।”
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून स्पष्ट है कि मुकदमे के इंतजार में लंबे समय तक बनी गंभीर मानसिक पीड़ा भी यातना की श्रेणी में आती है।
मार्च 2025 में एक अदालत ने उन्हें आतंकवाद से जुड़े कई मामलों में से एक मामले में बरी कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद वह अब भी जेल में हैं।
विशेषज्ञों ने कहा कि बरी होने के बावजूद लगभग समान आरोपों में उनका जेल में बने रहना दोहरे अभियोजन, निर्दोष माने जाने के सिद्धांत, आतंकवाद-रोधी कानूनों के दुरुपयोग और न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि हाल की रिपोर्टों के अनुसार जोहल की हिरासत की स्थिति और खराब हुई है। परिवार से संपर्क पर पाबंदियां, बुनियादी स्वच्छता सुविधाओं तक सीमित पहुंच और एकांत कारावास जैसी स्थितियां चिंता का विषय हैं।




















