न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आरोपों पर पलटवार किया है। नेतन्याहू ने उन पर हमास का समर्थन करने और न्यूयॉर्क के यहूदियों के खिलाफ अशांति भड़काने का आरोप लगाया था। मंगलवार को पत्रकारों ने ममदानी से नेतन्याहू के वीडियो बयान पर प्रतिक्रिया मांगी। इस पर ममदानी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “हम सब जानते हैं कि प्रधानमंत्री ने उस वीडियो में जो कहा है, वह सच नहीं है।” ममदानी ने आगे कहा कि नेतन्याहू को लेकर “सच” यह है कि वे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय यानी ICC के गिरफ्तारी वारंट का सामना कर रहे हैं।
ICC ने नवंबर 2024 में कथित युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों को लेकर नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। नेतन्याहू और इजरायली सरकार इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं और अदालत की कार्रवाई को चुनौती देते रहे हैं।
























